
उदित वाणी, जमशेदपुर: नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की ओर से मंगलवार को छठे वार्षिक एथलेटिक मीट का आयोजन सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम टेल्को में किया गया.
कोविड महामारी के बाद यह पहला मौका है जब स्कूल की ओर से इस स्तर के कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस आयोजन के मुख्य अतिथि जिले के एसएसपी प्रभात कुमार (आईपीएस) थे. समारोह में नेताजी सुभाष ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संस्थापक मदन मोहन सिंह की उपस्थिति भी थी.
उनके साथ पत्नी विभा सिंह के साथ-साथ नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल, जमशेदपुर के अध्यक्ष मृत्युंजय झा भी उपस्थित थे. कार्यक्रम में नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार नागेंद्र सिंह शामिल हुए.
एथलेटिक मीट में बड़ी संख्या में नन्हे-मुन्ने बच्चे शामिल हुए. खेल कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा गुब्बारे छोड़ कर की गई. इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया. खेल दिवस का मुख्य आकर्षण रिले रेस रही. वहीं छात्रों द्वारा किए गए ड्रिल ने भी लोगों का मन मोहा.
अपने बच्चों को प्रदर्शन करते देख अभिभावक खुशी से झूम उठे. अंत में विजेताओं को मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब एनएसपीएस हल्दीपोखर शाखा को दिया गया. दूसरा पुरस्कार एनएसपीएस पोखरी शाखा ने जीता और तीसरा पुरस्कार एनएसपीएस रखामाइंस शाखा को प्रदान किया गया.

