
उदित वाणी, रांची : जमशेदपुर के परसुडीह निवासी व झारखंड समेत बिहार, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश और दिल्ली पांच राज्यों में दर्जनों ठगी के मामलों में वांटेड 38 साल के रंजन कुमार मिश्रा उर्फ अंकित मिश्रा पर रांची पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया. मिश्रा के खिलाफ न्यायाधीश और अफसर बनकर ठगी करने के मामले में कई राज्यों की अदालतों में आरोपपत्र दाखिल किया गया है. रांची पुलिस कप्तान चंदन कुमार सिन्हा के मुताबिक अंकित मिश्रा फर्जी पहचान पत्र, मोबाइल नंबर और फर्जी पते के साथ ठगी का ध्ंध करता है. मास्टरमाइंड अंकित मिश्रा लगातार अपना ठिकाना बदलता है और सरकारी सिस्टम के नाम पर आम लोगों को फंसाने में माहिर है. इसलिए हर बार पुलिस को चकमा देने में कामयाब भी हो जाता है. इस पर झारखंड समेत उक्त अन्य राज्यों में 20 से ज्यादा मामले दर्ज है. पुलिस ने जनता से अपील की है कि अगर कहीं दिखे तो तुरंत सूचना दें.

