
उदित वाणी, जमशेदपुर: यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) को लगभग एक वर्ष बाद स्थायी अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) मिल गया है. वैज्ञानिक आनंद राव को यूसीआईएल का नया सीएमडी नियुक्त किया गया है. उनका चयन 19 मई 2025 को हुआ. वे इससे पहले परमाणु ऊर्जा विभाग के एटॉमिक रिसर्च सेंटर में वैज्ञानिक पद पर कार्यरत थे.
आठ उम्मीदवारों में से हुआ चयन
इस पद के लिए कुल आठ उम्मीदवारों की दौड़ थी. जिनमें प्रमुख नाम इस प्रकार थे:
घनश्याम दास गुप्ता (हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड)
जगदीश चंद्र मजूमदार (एनएलसी इंडिया लिमिटेड)
नागेश गोपी किशन (हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड)
उमेश सिंह (हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड)
राजेश कुमार (ब्रिज एंड रूफ कंपनी लिमिटेड)
मनीष कुमार झा (नेशनल मेट्रोलॉजिकल लैबोरेट्री)
अ. मारुथी (न्यूक्लियर फ्यूल कॉम्प्लेक्स)
इनमें से आनंद राव को उनकी तकनीकी विशेषज्ञता और कार्य अनुभव के आधार पर चयनित किया गया.
लंबे समय से था निर्णयात्मक नेतृत्व का अभाव
अब तक संतोष सतपति यूसीआईएल के प्रभारी सीएमडी के रूप में कार्यरत थे. उनके कार्यकाल में कई निर्णय रुके हुए थे. विशेषकर जादूगोड़ा यूसीआईएल कॉलोनी में सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य ठप पड़े थे. स्थायी सीएमडी की अनुपस्थिति के कारण कंपनी की गति भी प्रभावित हो रही थी.

