
उदित वाणी, रांची: राज्य के दो आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया. वहीं दो अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया. इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी गई.
योजना एवं विकास विभाग के सचिव डा अमिताभ कौशल अगले आदेश तक खाद्य सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता विभाग का सचिव बनाये गये और उन्हें राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया. गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के बिशेष सचिव चंद्रशेखर को ग्रामीण विकास विभाग का सचिव नियुक्त गया.
जबकि प्रशांत कुमार को योजना एवं विकास विभाग और विप्रा भाल को वाणिज्य कर विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया.
राज्य में आईएएस-आईपीएस की भारी कमी
इधर झारखंड आईएएस व आईपीएस अधिकारियों की भारी कमी से जूझ रहा है और इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केन्द्र सरकार को पत्र लिखा है. गौरतलब है कि राज्य में आईएएस-आईपीएस को मिला कर कुल 373 पद सृजित हैं. जिनमें से 118 पद रिक्त हैं.
आईपीएस के 36 व आईएएस के 82 पद रिक्त हैं. जबकि राज्य के बड़ी संख्या में आईएएस व आईपीएस अधिकारियों ने केंद्र में प्रतिनियुक्ति करायी है और राज्य के 18 वरीय आईएएस व 22 आईपीएस अधिकारियों की केन्द्र में प्रतिनियुक्ति की गई है. वहीं कुल 149 में से 113 आईपीएस ही झारखंड में कार्यरत हैं.

