
उदित वाणी, रांची: अवैध खनन मामले में मनी लांड्रिंग के तहत अनुसंधान कर रही ईडी ने कोलकाता के चर्चित व्यवसायी अमित अग्रवाल को भी गिरफ्तार कर लिया.
बताया गया कि ईडी की एक टीम शुक्रवार की सुबह ही कोलकाता पहुंचकर अमित अग्रवाल को उनके साल्टलेक स्थित आवास से उठाया और उन्हें लेकर रांची रवाना हुई.
गौरतलब है कि अमित अग्रवाल ने ही झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता राजीव कुमार के विरुद्ध कोलकाता के हेयर स्ट्रीट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी और 50 लाख रुपये के साथ अधिवक्ता को रंगे हाथों गिरफ्तार कराया था.
अग्रवाल ने अधिवक्ता पर आरोप लगाया था कि उन्होंने एक जनहित याचिका को मैनेज करने के नाम पर एक करोड़ रुपये की मांग की थी और उन्होंने पहली किस्त के रूप में 50 लाख रूपये दिया. इस मामले में ईडी द्वारा अमित अग्रवाल से 30 अगस्त को पूछताछ भी की गई थी. ईडी द्वारा अमित अग्रवाल से पैसों के स्रोत और मनी लाउंड्रिंग से जुड़े सवाल पूछा गया था.
जिसकी जानकारी वे सही तरीके से नहीं दे पाये थे. इसके अलावा बताया गया कि अमित अग्रवाल पर अवैध तरीके से शैल कम्पनियों में निवेश करने का भी आरोप है. अग्रवाल की जामताड़ा में मिहिजाम वनस्पति नामक कंपनी है. इनके संबंध कोयला कारोबारियों से भी जुड़ा है.
व्यवसायी यश जालान को भी मनी लौंड्रिंग का आरोपी बनाने की तैयारी में जुटी ईडी
इधर प्राप्त जानकारी के मुताबिक अवैध खनन मामले में मनी लांड्रिंग के तहत ईडी द्वारा बहुत जल्द कोलकाता के एक और कारोबारी यश जालान को भी आरोपी बनाने की तैयारी की गई है.
यश जालान मेसर्स मैरिन इंफ्रालिंक लाजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड के संचालक हैं और उनके एक मालवाहक जहाज को ईडी ने पूर्व में ही साहिबगंज में जब्त कर लिया गया है.
मालवाहक जहाज का परिचालन मुख्यमंत्री के बरहेट के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा द्वारा उनके सहयोगी दाहू यादव व बच्चू यादव के माध्यम से किया जा रहा था. उक्त जहाज पर अवैध तरीके से खनन किए गए पत्थर से लदे वाहनों को साहिबगंज में गंगा नदी पर ढोने का आरोप है.

