
उदित वाणी, जमशेदपुर: बिष्टुपुर में कमानी सेंटर से श्रीलेदर्स का बोर्ड चोरी जाने के सिलसिले में बिष्टुपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गयी है. शिकायत पत्र में श्रीलेदर्स के स्टाफ पवन सेठ ने कहा है कि 31 अगस्त की रात को श्रीलेदर्स स्टोर बंद होने के बाद करीब 12-15 लोग कमानी भवन में लगा श्रीलेदर्स का बोर्ड चुराकर ले गए.
यह बोर्ड कमानी सेंटर की बिल्डिंग में शुरूआत से ही लगा हुआ था. इस पर ‘शहरवासियों की सेवा में तत्पर लिखा हुआ था. शिकायत में कहा गया है कि बोर्ड बिना किसी सूचना के हटा दिया गया और चोरी कर लिया गया है. वहां गार्ड तैनात रहता है और उसने बताया कि अंधेरे में कुछ लोग छत पर आए और कोई सामान लेकर चले गए.
इससे साफ है कि गलत इरादे से चोरी को अंजाम दिया गया और शुरू से लगा हुआ बोर्ड चोरी हो गया. कुछ दिन पहले बिल्डिंग की पेंटिंग के दौरान बोर्ड हटाया गया था, लेकिन पेंटिंग होने के बाद फिर से लगा दिया गया था. पवन सेठ के मुताबिक इसके पीछे कमानी सेंटर के मालिक जे कमानी का हाथ है.
इस बोर्ड की कीमत करीब 57000 रुपये थी. श्रीलेदर्स ने नया बोर्ड लगाया है और साथ में पुलिस से सुनिश्चित करने का आग्रह किया है कि इस बोर्ड के साथ कमानी सेंटर के मालिक या उनके आदमी कोई छेड़छाड़ न करें. फिर भी अगर ऐसा कुछ होता है तो साफ है कि ये जान बूझकर ऐसा कर रहे हैं.

