
उदित वाणी, जमशेदपुर: भारत सरकार के प्रतिष्ठित संस्थान नेशनल इन्स्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी ने अपनी प्रवेश परीक्षा का अंतिम रिजल्ट शनिवार को जारी कर दिया. परीक्षा में हमेशा की तरह शहर के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन रहा है.
एकेडमी ऑफ फैशन एंड आर्ट्स (एएफए) साकची के एक दर्जन से ज्यादा विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है. संस्थान की छात्रा समृद्धि का बैचलर ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी में ऑल इंडिया रैंक 178 रहा है. आशी का ऑल इंडिया रैंक 373 और आंचल सिंह का 557 रहा है.
एएफए साकची के निदेशक निखिल सिंह ने बताया कि कोविड की चुनौतियों के बावजूद इस साल भी रिजल्ट बेहतर रहा है और टॉप-1000 में उनके तीन छात्र रहे हैं, जो काफी अच्छा रिजल्ट है.
बकौल सिंह, निफ्ट में दाखिला के लिए होने वाली परीक्षा में झारखंड से विद्यार्थियों की संख्या में थोड़ी कमी आई है, बावजूद उनका रिजल्ट काफी बेहतर रहा है. उम्मीद है कि अगले साल से यह रिजल्ट और बेहतर होगा और चयन होने वाले विद्यार्थियों की संख्या थ्री डिजिट में होगी.
इस साल चयन वाले अन्य विद्यार्थियों के नाम हैं-मुस्कान कौर संधू, नव्या ग्रोवर, श्रुति, सिमरन कौर, अंकिता माथुर, इशिता मंडल और कृति कुमारी. उल्लेखनीय है कि इस परीक्षा के आधार पर देश के अग्रणी निफ्ट दिल्ली, बंगलुरू, मुंबई, हैदराबाद, कोलकाता आदि में दाखिला के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू होगी.


