
उदित वाणी, रांची: जमशेदपुर के पारडीह काली मंदिर के समीप गोल्डन लीफ रिसॉर्ट में 27 मार्च को आजसू पार्टी केंद्रीय समिति की बैठक आयोजित की जायेगी. केंद्रीय समिति की बैठक में आजसू पार्टी के केंद्रीय महाधिवेशन, जन पंचायत एवं अन्य भावी कार्यक्रमों समेत कई अन्य बिषयों पर चर्चा की जायेगी.
इस दौरान पार्टी द्वारा राज्य की अस्मिता एवं पहचान से जुड़े बिषयों तथा ज्वलंत मुद्दों को लेकर आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की जायेगी। पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डा देवशरण भगत ने बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि 27 मार्च को होने वाली बैठक राज्य एवं आजसू पार्टी के दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण है.
बैठक में कई ऐसे कार्यक्रम घोषित किए जायेंगे. जिससे न सिर्फ आजसू पार्टी बल्कि झारखंड की मौजूदा जरुरतों तथा राज्य की जनता एवं युवाओं की मांगों को बल मिलेगा.
उन्होंने बताया कि केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली इस बैठक में मुख्य रुप से केंद्रीय समिति के सभी सदस्य तथा आमंत्रित सदस्य, विधानसभा प्रभारी, जिला अध्यक्ष कार्यकारी, जिला अध्यक्ष व महासचिव, जिला प्रभारी, अनुषंगी इकाई के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी, जिला परिषद अध्यक्ष, जिला परिषद सदस्य, प्रमुख एवं उपप्रमुख मौजूद रहेंगे.

