
निवेदिता घोष (कैंपस प्रतिनिधि)
उदित वाणी, जमशेदपुर: नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल, बिस्टुपुर में बुधवार को एक्सएलआरआई के प्रतिष्ठित प्रोफेसर डॉ. दर्शित सिंह ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर कार्यशाला का आयोजन किया. कुसुम कामिनी ऑडिटोरियम में सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक चली इस कार्यशाला में विभिन्न स्कूलों के कक्षा नौवीं और 11वीं के छात्रों ने भाग लिया.
छात्रों को अपने स्मार्टफोन लाने के लिए प्रोत्साहित किया गया ताकि वे सक्रिय रूप से भागीदारी कर सकें. डॉ. सिंह ने एआई के मूलभूत तत्वों, आधुनिक उद्योगों में इसकी भूमिका, वास्तविक दुनिया के अनुप्रयोगों, समाज-अर्थव्यवस्था पर प्रभाव तथा जोखिमों को कम करने की रणनीतियों पर प्रकाश डाला. उन्होंने एआई के लाभों पर भी चर्चा की, जैसे बढ़ी हुई दक्षता, बेहतर निर्णय लेना, जटिल समस्याओं के समाधान और भविष्य की तैयारी.

कार्यशाला में केस स्टडी के जरिए छात्रों को एआई की संभावनाओं से रूबरू कराया गया. प्रतिभागियों को विशेषज्ञ के साथ प्रश्न करने का मौका मिला, जिससे उनकी रुचि बनी रही.
स्कूल प्रबंधन ने डॉ. सिंह का आभार जताते हुए कहा कि यह आयोजन छात्रों में एआई के प्रति नई उत्सुकता जगाएगा और उन्हें तकनीकी दुनिया में मजबूत बनाएगा.

