
उदित वाणी, जमशेदपुर : प्रसिद्ध उद्योगपति और वेदांता रिसोर्सेज के संस्थापक चेयरमैन अनिल अग्रवाल के इकलौते बेटे अग्निवेश अग्रवाल का बुधवार को अमेरिका में निधन हो गया. वे मात्र 49 वर्ष के थे. अनिल अग्रवाल ने इसे अपनी जिंदगी का “सबसे दर्दनाक दिन” बताते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने बेटे की यादों को याद किया और समाज सेवा के अपने संकल्प को दोहराया. अनिल अग्रवाल के अनुसार, अग्निवेश अपने दोस्तों के साथ अमेरिका में स्कीइंग करने गए थे, जहां एक दुर्घटना में वे घायल हो गए. न्यूयॉर्क के माउंट सिनाई अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था और परिवार को उम्मीद थी कि वे पूरी तरह ठीक हो जाएंगे, लेकिन अचानक कार्डियक अरेस्ट आने से उनकी मृत्यु हो गई.
क्या लिखा है अपने पोस्ट में
अनिल अग्रवाल ने अपनी पोस्ट में लिखा, “आज मेरे जीवन का सबसे दर्दनाक दिन है. मेरा अग्निवेश, मेरा 49 साल का बेटा, आज हमारे बीच नहीं रहा. एक बाप के कंधे पर बेटे की अर्थी जाए, इससे बुरा और क्या हो सकता है.” उन्होंने बेटे को “अपना दोस्त, अपनी शान और पूरी दुनिया” बताया.
अग्निवेश अग्रवाल के बारे में
अग्निवेश (प्यार से ‘अग्नि’) का जन्म 3 जून 1976 को पटना में एक मध्यमवर्गीय बिहारी परिवार में हुआ था. बचपन में वे अपनी मां किरण के दुलारे, चंचल और शरारती थे. अपनी बहन प्रिया के प्रति बेहद सुरक्षात्मक थे. उन्होंने अजमेर के प्रतिष्ठित मेयो कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की. वे एक मजबूत व्यक्तित्व के धनी थे – बॉक्सिंग चैंपियन, घुड़सवारी के शौकीन और उत्कृष्ट संगीतकार. व्यवसाय में अग्निवेश ने फुजैराह गोल्ड जैसी कंपनी स्थापित की और हिंदुस्तान जिंक के चेयरमैन रहे. बाद में वे वेदांता ग्रुप की सब्सिडियरी तलवंडी साबो पावर लिमिटेड (टीएसपीएल) के चेयरमैन बने. उपलब्धियों के बावजूद वे सादगी पसंद थे, दोस्तों और सहकर्मियों के बीच लोकप्रिय और जमीन से जुड़े इंसान.
समाज सेवा का संकल्प दोहराया
अनिल अग्रवाल ने अपने पोस्ट में बताया कि अग्निवेश के साथ उनका सपना था भारत को आत्मनिर्भर बनाना. वे अक्सर कहते थे, “पापा, हमारे देश में क्या नहीं है? फिर हम किसी से पीछे क्यों रहें?” दोनों की इच्छा थी कि कोई बच्चा भूखा न सोए, अनपढ़ न रहे, हर महिला आत्मनिर्भर हो और युवाओं को रोजगार मिले. अनिल अग्रवाल ने बेटे से किया वादा दोहराया – कमाई का 75 फीसदी से अधिक समाज सेवा में लगाएंगे. उन्होंने कहा, “अब और भी सादगी से जीवन जीऊंगा और बाकी जिंदगी इसी में लगा दूंगा. अग्नि के सपने अधूरे नहीं रहने दूंगा.”
शोक संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनिल अग्रवाल की पोस्ट पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा है- अग्निवेश अग्रवाल का असामयिक निधन अत्यंत दुखद और स्तब्ध करने वाला है. प्रार्थना है कि आपको और आपके परिवार को इस कठिन समय में शक्ति मिले. ओम शांति. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू सहित कई प्रमुख हस्तियों ने भी शोक संवेदना व्यक्त की. वेदांता ग्रुप और व्यापार जगत में अग्निवेश के निधन को बड़ी क्षति माना जा रहा है.

