
उदित वाणी, रांची: अग्निवीर तकनीकी श्रेणी में भर्ती के लिए आवेदन करने वाले आईटीआई योग्य अभ्यर्थियों को 50 अंक तक बोनस अंक दिए जायेंगे. झारखंड के युवाओं के लिए अग्नीवीर के रूप में भारतीय सेना में भर्ती के लिए राज्य के सभी 24 जिलों के निवासियों से आवेदन आमंत्रित किया जा रहा है.
योग्य अभ्यर्थियों के ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन में शामिल होने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और 15 मार्च तक आवेदन भरे जा सकते हैं. अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए अग्निवीर क्लर्क स्टोरकीपर, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर ट्रेड्समैन, अग्निवीर महिला सेना पुलिस, सोल्जर नर्सिंग असिस्टेंस और सोल्जर नर्सिंग असिस्टेंस वीईटी श्रेणी के लिए अविवाहित पुरुष उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण खुला है.
01 अक्टूबर 2023 को 17 बर्ष 6 महीने से लेकर 21 वर्ष की आयु के उम्मीदवार पात्र होंगे. अग्निवीरों की भर्ती नयी प्रक्रिया के अनुसार दो चरणों में की जायेगी. प्रथम चरण में ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित सामान्य प्रवेश परीक्षा लिये जायेंगे.
ऑनलाइन पंजीकरण व ऑनलाइन आवेदन के लिए उम्मीदवारों को सेना भर्ती कार्यालय रांची में कार्य दिवसों में पूर्वाहन 10 बजे से अपराहन 2 बजे तक सहायता प्रदान की जाएगी. उम्मीदवारों को अपने आधार कार्ड को डिजिलॉकर से लिंक करना होगा. उम्मीदवार के पास आधार कार्ड और एक ईमेल आईडी से जुड़ा मोबाइल नंबर होना चाहिए.
वहीं दूसरे चरण में भर्ती रैली आयोजित किया जायेगा। परीक्षा शुल्क 250 रुपये रखा गया है. एसबीआई पोर्टल पर उपलब्ध निम्न विकल्प में से उम्मीदवारों द्वारा सभी प्रमुख बैंकों के मेस्ट्रो, मास्टर कार्ड, वीजा, रुपे कार्ड, क्रेडिट व डेबिट के दोनों माध्यमों से भुगतान गेटवे सुविधा दी गई है. एसबीआई व अन्य बैंकों की इंटरनेट बैंकिंग तथा यूपीआई भीम एप के माध्यम से भी भुगतान किया जा सकता है.
उम्मीदवार परीक्षा केंद्र के लिए पांच विकल्प चुन सकते हैं. जबकि ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा 17 अप्रैल से आयोजित किये जायेंगे.

