
उदित वाणी, जमशेदपुरः राजस्थान सेवा सदन की प्रबंध समिति के चुनाव के लिए मतदान कल 29 मई रविवार को एम ई स्कूल रोड, जुगसलाई स्थित राजस्थान शिव मंदिर में अपराह्न 3 से 5 बजे तक होगा. उल्लेखनीय है कि अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष के पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है और कल उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव के पदों के लिए वोटिंग होगी. इसके अलावा ट्रस्टी सदस्यों के सात पदों, वंशानुगत सदस्यों के छह पदों और साधारण आजीवन सदस्यों के दो पदों के लिए भी वोटिंग होगी. मतदान के लिए अस्पताल से जुड़े 480 मतदाता (सदस्य) अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे. इनमें से पदाधिकारियों (उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव) के चुनाव में सारे सदस्य वोटिंग कर सकेंगे लेकिन ट्रस्टी सदस्य, वंशानुगत सदस्य और साधारण आजीवन सदस्यों के लिए वोटिंग उस श्रेणी में आनेवाले मतदाता ही कर सकेंगे.
आज ही एजीएम भी
उल्लेखनीय है कि अस्पताल की वार्षिक आम सभा (एजीएम) भी कल ही राजस्थान शिव मंदिर में पूर्वाह्न 11 बजे से होगी. इस बार के एजीएम में एक खास प्रस्ताव प्रबंध समिति का कार्यकाल दो से बढ़ाकर तीन साल करने का है. अगर इसका अनुमोदन हो जाता है तो पहली बार समिति का कार्यकाल एक साल बढ़ जाएगा.
तीन पदों पर निर्विरोध निर्वाचन
उल्लेखनीय है कि अध्यक्ष पद पर शहर के चर्चित उद्यमी व समाजसेवी दिलीप कुमार गोयल, महासचिव पद पर सीए जगदीश खंडेलवाल और कोषाध्यक्ष के पद पर सीए मनीष केडिया का निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है. बीच में ऐसा भी लग रहा था कि सारे पदों पर रजामंदी से पदाधिकारी तय कर दिए जाएंगे और चुनाव के लिए वोटिंग का इंतजाम करना ही नहीं पड़ेगा, लेकिन कोई पीछे हटने को तैयार नहीं हुआ और अब वोटिंग होने जा रही है. दोनों चुनाव पदाधिकारी एन के जैन और दिलीप गोलछा ने मतदान की तैयारियां पूरी कर ली हैं.
उपाध्यक्ष पद पर तीन उम्मीदवार
अस्पताल की प्रबंध समिति में उपाध्यक्ष के दो पद होते हैं जिसके लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं. इनमें से एक वर्तमान उपाध्यक्ष मंटू लाल अग्रवाल, दूसरे वर्तमान महासचिव राजेश रिंगसिया और तीसरे सत्यनारायण अग्रवाल मुन्ना हैं.
संयुक्त सचिव के लिए भी तीन उम्मीदवार
संयुक्त सचिव के दो पदों पर तीन उम्मीदवार मैदान में हैं. इनमें आशीष मित्तल, संजय कुमार कसेरा और दीपक अग्रवाल (रामुका) शामिल हैं.
ट्रस्टी सदस्यों के लिए भी मुकाबला
ट्रस्टी सदस्यों के सात पद हैं और इसके लिए नौ प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है. इनमें रामरतन अग्रवाल, महेश कुमार गोयल, कमल कुमार भरतिया, छीतरमल जी धूत, किशोर कुमार तापडिय़ा, राजेश जैसुका, अनन्त मोहनका, लोचन अग्रवाल और ईश्वर प्रसाद मित्तल शामिल हैं.
वंशानुगत सदस्यों के लिए भी होगी वोटिंग
वंशानुगत सदस्यों के छह पदों पर आठ उम्मीदवार क्रमश: राजकुमार अग्रवाल, पवन कुमार सिगोदिया, सुनील कुमार अग्रवाल (रिंगसिया),रामेश्वर लाल अग्रवाल, ईश्वर चंद्र गुप्ता, रोहित काबरा,संदीप गोयल, सुरेश कुमार नरेड़ी शामिल हैं. साधारण आजीवन सदस्यों के दो पदों के लिए बनवारी लाल खंडेलवाल, मुकेश कुमार मित्तल और सांवर लाल शर्मा चुनाव मैदान में हैं.

