
उदित वाणी, जमशेदपुर/कोलकाता: ईस्ट बंगाल एफसी पिछले हफ्ते कोलकाता डर्बी में निराशाजनक परिणाम से उबरने की कोशिश करेगा, जब वो शुक्रवार को कोलकाता में हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 में चेन्नइयन एफसी के रूप में अपनी अगली चुनौती का सामना करने के लिए अपने घरेलू मैदान साल्ट लेक स्टेडियम में उतरेगा. (Current Standings)
भले ही ईस्ट बंगाल डर्बी हार गया हो लेकिन उसने चिर-प्रतिद्वंद्वी एटीके मोहन बागान को पूरे खेल में अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया. हेड कोच स्टीफन कॉन्सटेंटाइन अपनी टीम के लिए सबसे मजबूत एकादश खोजने के प्रयास में सीजन की शुरुआत से ही फॉरमेशन और रणनीति के साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं, जिससे कि टीम हर मैच में जीत की दौड़ में बनी रहे है.
क्लिटन सिल्वा हीरो आईएसएल में ईस्ट बंगाल के लिए संयुक्त सर्वोच्च गोल स्कोरर बनने से सिर्फ दो गोल दूर हैं और उनके मरीना मचान्स के खिलाफ मैच में शुरुआत करने की उम्मीद है. रक्षात्मक जोड़ी इवान गोंजालेज और लालचुंगनुंगा ने अब तक हर मैंच में शुरुआत की है और उनके बेंच पर बैठने की संभावना नहीं है.
दोनों टीमों के बीच संक्षिप्त इतिहास में टॉर्च बियरर्स ने मरीना मचान्स के खिलाफ मैच में कभी भी बढ़त नहीं ली है. चेन्नइयन एफसी को हमेशा पहला गोल दागा है.
दोनों टीमें चार बार एक-दूसरे का सामना कर चुकी हैं और सभी चार मुकाबले ड्रा पर समाप्त हुए हैं. इन मुकाबलों में दोनों टीमों ने बराबर चार-चार गोल किए हैं.
दोनों टीमों को डिफेंस में अपने खेल को बेहतर करना होगा क्योंकि वे उन चार में से शामिल हैं, जिन्होंने इस सीजन में अब तक क्लीन शीट नहीं रखी है.
कॉन्स्टेंटाइन ने कहा, “अगर हम खराब खेल रहे होते और डर्बी में दब जाते, तो मुझे चिंता होती. लेकिन हमने हीरो आईएसएल की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया. सिर्फ छह हफ्ते पहले बनी टीम दबाव में नहीं आई है, तो मुझे लगता है कि यह एक बहुत ही सकारात्मक संकेत है.
हम खुद को सर्वोत्तम संभव स्थिति में लाने की कोशिश करेंगे और उम्मीद है कि इसके परिणामस्वरूप तीन अंक मिलेंगे.” अंग्रेज कोच ने चेन्नइयन एफसी के बारे में कहा, “कोई भी टीम जो कोलकाता आती है और एटीके मोहन बागान को हराती है, वो सम्मान की हकदार है.”
चेन्नइयन एफसी एक लम्बे ब्रेक के बाद इस मुकाबले में उतर रही है. यह इस हीरो आईएसएल सीजन में उनका चौथा और इस स्थल पर दूसरा मैच होगा। मैचवीक 1 के दौरान उन्होंने साल्ट लेक स्टेडियम का दौरा किया, जहां वे पिछड़ने के बाद वापसी करके एटीके मोहन बागान को 2-1 से हराया था। तब से, मरीना मचान्स ने दो मैचों से केवल एक अंक हासिल किया है.
हेड कोच थॉमस ब्रेडारिक इस सीजन में अब तक पारंपरिक 4-4-2 फॉरमेशन पर टिके हुए हैं। शुरुआती लाइन-अप में एकमात्र बदलाव अभी तक पिछले मैच के दौरान करना पड़ा है, जब देवांश डबास ने निलंबित देबजीत मजूमदार की जगह गोलपोस्ट पर ली. (Club Statistics)
मजूमदार ने अपना निलंबन पूरा कर लिया है, और मरीना मचान्स के पहली पसंद के इस गोलकीपर के ईस्ट बंगाल के खिलाफ लाइन-अप में लौटने की उम्मीद है.
मेहमान टीम ने इस सीजन में अब तक तीन गोल किए हैं. हालांकि, उन्होंने अपने खेले तीन मैचों में 35 अवसर बनाए हैं जो कि प्रति मैच औसतन 11.67 मौके बनता है. अगर मरीना मचान्स इस अवे मैच से पूरे अंक ले जाना चाहते हैं तो उन्हें को मैदान के फाइनल-थर्ड में अधिक सटीक खेल दिखाना होगा। (Club Statistics)
कोच ब्रेडारिक ने कहा, “फुटबॉल बहुत सरल खेल है – यदि आप स्कोर नहीं कर सकते, तो आप जीत नहीं सकते हैं. पिछले मैच में, हमने कई अच्छे मौके बनाए लेकिन हम मूर्खतापूर्ण ढंग से गोल खाकर मैदान से बाहर आए. हमने मैच के बाद उस पहलू का विश्लेषण किया और इसमें अपने अगले मुकाबले में सुधार करना चाहते हैं.”
जर्मन ने ईस्ट बंगाल एफसी के बारे में बात करते हुए कहा, “ईस्ट बंगाल एक दिलचस्प टीम है। वो भारत में बहुत नामी क्लब है. इस टीम के खिलाफ खेलना एक चुनौती है. हम सभी मैचों में आगे बढ़ाने और अपनी ताकत दिखाने की कोशिश करेंगे. हम कल के मैच के लिए तैयार हैं.”

