
थानावार हो रहीं शांति समिति की बैठकें
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने 10 जुलाई रविवार को बकरीद पर्व को लेकर तैयारी शुरू कर दी है. शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार संपन्न हो, इसके लिए पूरे जिले में 16 जोनल दंडाधिकारी की तैनाती की जाएगी. उपायुक्त विजया जाधव व एसएसपी एम तमिल वाणन तैयारियों पर खास ध्यान दे रहे हैं.
शहरी क्षेत्र में गोलमुरी एवं साकची, गोविन्दपुर एवं बिरसानगर, टेल्को एवं बर्मामाइंस, सिदगोड़ा एवं सीतारामडेरा, मानगो, कदमा एवं सोनारी, बागबेड़ा एवं जुगसलाई, सुंदरनगर एवं परसूडीह, आजादनगर, एमजीएम एवं उलीडीह, बिष्टुपुर एवं साकची (पीसीआर) थाना क्षेत्र में एक-एक वरीय प्रशासनिक अधिकारी को प्रतिनियुक्त किया गया है.
इसी तरह ग्रामीण क्षेत्र में पटमदा, कमलपुर एवं बोड़ाम, घाटशिला, गालूडीह एवं मउभंडार, बड़सोल, धालभूमगढ़ एवं श्यामसुंदरपुर, चाकुलिया एवं बहरागोड़ा, मुसाबनी, डुमरिया एवं गुड़ाबांदा, जादूगोड़ा, पोटका एवं कोवाली थाना क्षेत्र में जोनल दंडाधिकारी तैनात रहेंगे.
पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की रहेगी तैनाती
जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में बकरीद पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. पूरे जिले में कुल 1528 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. शहरी क्षेत्र में 124 हवलदार, 496 बंदूकधारी जवान, 351 लाठीधारी जवान एवं 47 महिला पुलिस तैनात रहेंगी. इसी तरह ग्रामीण क्षेत्र में 64 हवलदार, 256 बंदूकधारी जवान, 176 लाठीधारी जवान एवं 04 महिला पुलिस तैनात रहेंगी.
इस तरह पूरे जिले में 188 हवलदार, 752 बंदूकधारी जवान, 527 लाठीधारी जवान एवं 51 महिला पुलिस तैनात रहेंगी.
थानों में हो रही शांति समिति की बैठकें
बकरीद त्योहार को लेकर शहर के विभिन्न थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित की जा रही है. इस क्रम में बर्मामाइंस, टेल्को, गोविंदपुर, सिदगोड़ा एवं गोलमुरी थाना में बैठकें आयोजित की गईं. वहीं ग्रामीण क्षेत्र में पटमदा, बोड़ाम एवं कमलपुर तथा घाटशिला अनुमंडल में चाकुलिया, बहरागोड़ा, श्यामसुंदरपुर एवं बड़सोल थाना शांति समिति की बैठक हुई.
सभी बैठकों में बकरीद पर्व शांति एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनाए जाने पर सहमति बनी.
