
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.): आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य मार्ग पर मोटल मधुबन के पास दो ट्रकों के बीच हुई जोरदार टक्कर में एलपीटी ट्रक का चालक केबिन में जा फंसा, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. इस घटना मे गंभीर रूप से जख्मी एलपीटी ट्रक चालक टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया है. घटना बीती रात लगभग 11 बजे की बताई जाती है. जानकारी के अनुसार, आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य सड़क पर मोटल मधुबन के पास एक ट्रक खराब होने के चलते ब्रेकडाउन अवस्था में खड़ा था. इसी दौरान तेज रफ्तार एलपीटी ट्रक चालक ने सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी. इस घटना में एलपीटी ट्रक का चालक केबिन में ही फंस गया. वहीं, एलपीटी ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी तत्काल सड़क निर्माता कंपनी जेआरडीसीएल के एंबुलेंस को दी गई. परंतु एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सका. सूचना मिलने के बाद स्थल पर पहुंची आदित्यपुर पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद एलपीटी ट्रक के केबिन मे फंसे चालक को बाहर निकाला. उसके बाद मुख्य मार्ग से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को भी हटवाया गया

