
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.) : प्लास्टिक थैलों के बढ़ते उपयोग पर रोक लगाने के लिए आदित्यपुर नगर निगम ने वॉर्ड संख्या 20 के फल एवं सब्जी दुकानदारों के विरुद्ध अभियान चलाते हुए कठोर कार्रवाई की. निगम की टीम ने कई दुकानों से प्लास्टिक के थैले जब्त किए और मौके पर ही 100 रुपये से 600 रुपये तक का स्पॉट जुर्माना लगाया.
नगर निगम द्वारा लगातार प्लास्टिक थैला उपयोग नहीं करने के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. निगम अधिकारियों ने बताया कि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण को गंभीर रूप से दूषित कर रहा है, जिसे रोकना आवश्यक है.
अभियान के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देते हुए प्लास्टिक थैलों का उपयोग कम करें और आदित्यपुर को प्लास्टिक मुक्त बनाने में योगदान दें. वर्तमान में निगम द्वारा उपयोग की मात्रा के अनुसार जुर्माना लगाया जा रहा है और आगे भी नियमित कार्रवाई जारी रहेगी.

