
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.) : आदित्यपुर-2 के मार्ग संख्या 13 और 14 में आवास बोर्ड द्वारा आवंटियों को उनके भूखंडों पर दखल–कब्जा दिलाने का अभियान मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कार्रवाई गम्हरिया के अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार एवं दंडाधिकारी सुनील चौधरी की मौजूदगी में संचालित की गई।
इस दौरान मध्यम आय वर्गीय श्रेणी के भूखंड संख्या एम-4, एम-7 और एम-12 के आवंटियों को उनके आवंटित भूखंडों पर विधिवत दखल–कब्जा दिलाया गया। वहीं, भारती सोना शांडिल्य और देवप्रकाश के अनुरोध पर आवास बोर्ड की टीम ने उनके भूखंडों का चिन्हीकरण भी पूरा किया।
उल्लेखनीय है कि यह पूरी कार्रवाई झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के आलोक में की जा रही है। आवास बोर्ड के कार्यपालक अभियंता अरशद हुसैन ने बताया कि यहां कुल 20 चिन्हित भूखंड हैं, जिनमें से अब तक 7 आवंटियों को दखल–कब्जा दिलाया जा चुका है। हालांकि शेष भूखंड अभी पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त नहीं हुए हैं।
आवास बोर्ड और जिला प्रशासन का कहना है कि हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए शेष सभी चिन्हित भूखंडों को भी जल्द कब्जा मुक्त कराया जाएगा।

