
उदित वाणी, जमशेदपुर : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 स्थित कल्पनापुरी रोड के पास श्मशान भूमि की चहारदीवारी निर्माण को लेकर विवाद एक बार फिर गरमा गया है। स्थानीय भाजपा नेत्री डिंपल लामाय और ग्रामीणों ने झायुमो जिलाध्यक्ष भगलु सोरेन उर्फ डब्बा सोरेन पर आरोप लगाया है कि उन्होंने इस निर्माण कार्य में अवरोध उत्पन्न किया है।
शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने झायुमो नेता के कार्यालय और आवास के बाहर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि श्मशान भूमि उनकी पारंपरिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी है, और इसमें कोई भी बाधा डालना पूरे समुदाय का अपमान है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि श्मशान घाट के घेराबंदी और सौंदर्यीकरण का कार्य झारखंड सरकार द्वारा कराया जा रहा है, और इसके लिए सभी आवश्यक दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। यह परियोजना झारखंड सरकार, जिला परिषद सरायकेला-खरसावां और गम्हरिया प्रखंड प्रशासन के तहत चल रही है। इसका शिलान्यास 5 अक्टूबर 2024 को सांसद श्रीमती जोबा माझी, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, और जिला परिषद अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा। इस योजना की कुल लागत ₹71,95,277 है और निर्माण 18 सितंबर 2024 से शुरू होकर 17 सितंबर 2025 तक पूरा किया जाना है।
आदिवासी कल्याण समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सुंडी ने आरोप लगाया कि भगलु सोरेन ने पहले भी समिति के हॉल और बाउंड्री वॉल निर्माण में अवरोध डाला था, लेकिन वह हर बार असफल हुए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस बार भी वही प्रयास हो रहा है, जिसे आदिवासी समाज सहन नहीं करेगा और समय आने पर इसका विरोध किया जाएगा।
वहीं, झायुमो जिलाध्यक्ष भगलु सोरेन ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह निर्माण कार्य मनमाने तरीके से और बिना उचित प्रक्रिया के किया जा रहा है, जिसे आदिवासी समाज स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि वे गलत तरीके से हो रहे कार्यों का विरोध कर रहे हैं।
वर्तमान में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, और पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है।

