
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.)ः मतदान में सबकी भागीदारी सुनिश्चित करने तथा आगामी 13 नवम्बर को शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत आज मतदान जागरुकता दौड़ आहूत की गई. जिला प्रशासन और नगर निगम, आदित्यपुर के द्वारा आहूत इस दौड़ का शुभारंभ एस टाईप चौक से हुआ, जो कि शेरे पंजाब चौक से होते हुए पुनः एस टाईप चौक पर पहुँचकर समाप्त हो गया. दौड़ के माध्यम से आदित्यपुर के युवाओं, छात्र छात्राओं, जागरूक नागरिकों, महत्वपूर्ण युवा युवतियों के आइकॉन की उत्साहवर्द्धक भागीदारी का आह्वान भी किया गया. मौके पर भाटिया बस्ती, आदित्यपुर निवासी और मिसेज इंडिया रनर्स अप श्रीमती नेहा मिश्रा मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित थीं. इस अवसर पर नगर निगम के प्रशासक रविप्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, गम्हरिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी अभय द्विवेदी, सिटी मैनेजर देवाशीष प्रधान, अजय कुमार, वरिष्ठ नागरिक संघ के अध्यक्ष रविन्द्र नाथ चौबे, कराटे चैंपियन पूजन झा, पूर्व पार्षद सुधीर कुमार आदि उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन उद्घोषक श्री चंद्रवंशी ने किया.

