
उदित वाणी रांची। राष्ट्रमंडल शतरंज चैंपियनशिप 2025 (अंडर-14 ओपन) में स्वर्ण पदक जीतकर झारखंड का नाम रोशन करने वाले युवा शतरंज खिलाड़ी अधिराज मित्रा ने शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। यह भेंट उनके उल्लेखनीय अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन के बाद हुई।
जमशेदपुर स्थित लोयला स्कूल के कक्षा 8वीं के छात्र अधिराज मित्रा ने 7 से 16 नवंबर 2025 तक मलेशिया में आयोजित राष्ट्रमंडल शतरंज चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 में से 8 अंक (8/9) अर्जित कर अजेय रहते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि को झारखंड के लिए राष्ट्रमंडल स्तर पर पहला स्वर्ण पदक माना जा रहा है। प्रतियोगिता में राष्ट्रमंडल देशों के कई शीर्ष युवा खिलाड़ियों ने भाग लिया था।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अधिराज को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों में अद्भुत प्रतिभा और जज़्बा है, जो राज्य को खेल जगत में नई पहचान दिला रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिराज के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अधिराज की माता श्रीमती रुना मित्रा, पिता उत्तम मित्रा और उनके कोच अभिषेक दास भी उपस्थित थे। परिवार और कोच ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया तथा राज्य में युवा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने की अपील की।
यह मुलाकात राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को प्रेरणा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अधिराज मित्रा जैसी युवा प्रतिभाएं झारखंड के खेल परिदृश्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सामर्थ्य रखती हैं।

