उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर कोर्ट ने शुक्रवार को कुख्यात अपराधी अखिलेश सिंह, राहुल सिंह और अन्य 12 आरोपियों को वर्ष 2014 में कोर्ट परिसर में हुई मारपीट और हमले के मामले में साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया। एडीजे-4 आनंदमणि त्रिपाठी की अदालत ने यह अहम फैसला सुनाया।
मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी अखिलेश सिंह दुमका सेंट्रल जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट से जुड़ा था। उल्लेखनीय है कि 24 मई 2014 को जमशेदपुर कोर्ट में पेशी के दौरान अखिलेश सिंह पर छब्बू नामक शख्स ने गोली चलाई थी। इसके जवाब में राहुल सिंह, कन्हैया सिंह और अन्य साथियों ने छब्बू की जमकर पिटाई कर दी थी। इस घटना ने उस वक्त पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी।
पुलिस ने इस मामले में अखिलेश सिंह, राहुल सिंह, प्रिंस सिंह समेत कुल 14 लोगों को आरोपी बनाया था। हालांकि, शुक्रवार को कोर्ट ने 12 आरोपियों को पर्याप्त साक्ष्य न होने के कारण आरोपमुक्त कर दिया। इस फैसले को लेकर शहर में मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।