
उदित वाणी, जमशेदपुर : एंटी करप्शन इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (ACIB) की ओर से अधिकारी शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह का भव्य और गरिमामय आयोजन जमशेदपुर में किया गया. यह कार्यक्रम नव-नियुक्त अधिकारियों को राष्ट्र सेवा, ईमानदारी, निष्ठा और भ्रष्टाचार के विरुद्ध दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करने की शपथ दिलाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था.
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. इसके बाद सभी नव-नियुक्त अधिकारियों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष, जनहित की रक्षा और संगठन के सिद्धांतों के प्रति निष्ठापूर्ण कार्य करने की शपथ ली. वक्ताओं ने कहा कि भ्रष्टाचार समाज की जड़ों को खोखला करता है और इसके विरुद्ध जन-जागरूकता एवं संगठित प्रयास बेहद आवश्यक हैं.
ACIB के जिला अध्यक्ष शशि मुखीने ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी को बढ़ावा देना है. उन्होंने कहा कि एसीआईबी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार के खिलाफ एक जनआंदोलन है, जिसमें प्रत्येक पदाधिकारी की भूमिका अहम है.
कार्यक्रम के दौरान संगठन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों और पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया. सम्मान प्राप्त करने वालों ने इसे प्रेरणास्रोत बताते हुए आगे भी पूरी ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया.
शशि मुखीने ने बताया कि समारोह में संगठन के विभिन्न पदाधिकारी, कार्यकर्ता और कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे. उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया.

