
उदित वाणी, जमशेदपुर: गुमला में लोहरदगा रोड स्थित महिंद्रा नेक्सजेन शोरूम पर सोमवार को ACB की टीम ने छापेमारी की। इस दौरान टीम ने शोरूम के दस्तावेजों, रजिस्टर, बही-खातों और कंप्यूटर सिस्टम को खंगाला। सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से इस शोरूम के संचालन में अनियमितताओं और संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों की पुष्टि के लिए ACB ने यह कदम उठाया। इससे पहले रविवार को रांची स्थित महिंद्रा शोरूम पर भी छापेमारी की गई थी।
इस दौरान टीम ने छापेमारी के दौरान अभियुक्त विनय कुमार सिंह से जुड़े ठिकानों से 198 फाइलें, 27 सीपीयू, एक लैपटॉप, चार जमीन से संबंधित डीड और दो मोबाइल फोन जब्त कर लिये थे।
इसके अलावा, आज भोर में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विनय कुमार चौबे के करीबी माने जाने वाले विनय कुमार सिंह के हजारीबाग स्थित नेक्सजेन महिंद्रा शोरूम को सील कर दिया। जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई सुबह लगभग 7:30 बजे की गयी।
ACB की इस कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है और लोग इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। ACB की टीम आगे भी अपनी जांच जारी रखेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।

