
उदित वाणी, रांची: जामताड़ा की पूर्व सीओ श्रीमती हेमा प्रसाद, तत्कालीन अंचल निरीक्षक ईस्माईल टुडू एवं अन्य के विरूद्ध मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एसीबी जांच की मंजूरी दी है.
इनके खिलाफ जामताड़ा जिला के मिहिजाम थाना अन्तर्गत बुटकेरिया मौजा में अवैध रूप से जमीन की खरीद बिक्री किये जाने से संबंधित मामले में 17 जून 2016 को मिहिजाम थाना काण्ड संख्या-47/2016 दर्ज है। इस मामले को अब मुख्यमंत्री द्वारा एसीबी को हस्तांतरित करने के प्रस्ताव पर अनुमोदन किया गया है तथा अब धनबाद एसीबी द्वारा मामले में पीई दर्ज करके अनुसंधान प्रारम्भ किया जायेगा.
यही नहीं राज्य सरकार द्वारा सभी अभियुक्तों को अविलम्ब गिरफ्तार करने तथा फरार रहने की स्थिति में उनकी संपत्ति की कुर्की जब्ती की कार्रवाई करने का भी आदेश दिया गया है.
इसके अलावा उचित माध्यम से अभियोजन की स्वीकृति प्राप्त करने के लिए प्रतिवेदन समर्पित करने तथा पर्यवेक्षण में लंबित अन्य निर्देशों का अनुपालन करने का भी निर्देश दिया गया है. एसीबी द्वारा मामले में श्रीमती हेमा प्रसाद, इस्माईल टुडू तथा अन्य के विरुद्ध पीई दर्ज करने की अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया गया था.
एसीबी से प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार इस संबंध में मिहिजाम थाना में आईपीसी की धारा 420/406/409/468/471 एवं 120 बी के तहत काण्ड संख्या-47/16 दर्ज किया गया है. प्रतिवेदन में यह स्पष्ट किया गया है कि इस काण्ड में सभी नौ प्राथमिकी अभियुक्तों के विरुद्ध मामला सत्य पाया गया है.

