
उदित वाणी, जमशेदपुर: अगर आप अपने आधार कार्ड में नाम, पता या फोटो जैसी जानकारी बदलने की सोच रहे हैं, तो अब इसके लिए पहले से ज्यादा खर्च करना होगा। यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने आधार अपडेट से जुड़े नए नियम लागू कर दिए हैं, जो 1 अक्टूबर 2025 से प्रभावी होंगे।
नए नियमों के तहत नाम या पते में साधारण सुधार कराने पर 75 रुपये शुल्क लगेगा। वहीं फोटो, फिंगरप्रिंट या आइरिस जैसे बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 125 रुपये चुकाने होंगे। यही शुल्क अब 7 से 17 साल तक के बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट पर भी लागू होगा। हालांकि, नया आधार कार्ड बनवाने की सुविधा पहले की तरह निशुल्क ही रहेगी।
UIDAI के सीईओ भुवनेश्वर कुमार ने बताया कि 1 अक्टूबर से 10 साल पुराने आधार कार्ड को अपडेट कराना अनिवार्य होगा। यानी जिन लोगों ने पिछले दशक में आधार जानकारी अपडेट नहीं कराई है, उन्हें अब दस्तावेज जमा कर शुल्क देना होगा। इससे ग्रामीण और छोटे शहरों के लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।
बच्चों और किशोरों को कुछ राहत भी दी गई है। 5 से 7 साल और 15 से 17 साल की उम्र में बायोमेट्रिक अपडेट अब मुफ्त होगा, जबकि पहले इसके लिए 50 रुपये लगते थे। UIDAI ने साफ किया है कि इन आयु वर्गों के लिए यह अपडेट अनिवार्य रहेगा और समय पर प्रक्रिया पूरी न करने पर आधार कार्ड अमान्य हो सकता है।
इस साल आधार कार्ड की जानकारी में कई बड़े बदलाव भी किए गए हैं। 15 अगस्त 2025 से 18 साल से अधिक उम्र वालों के आधार कार्ड पर पिता या पति का नाम नहीं दिखेगा। यह जानकारी केवल UIDAI के रिकॉर्ड में रहेगी। साथ ही जन्मतिथि की जगह केवल जन्म वर्ष दर्ज होगा और C/o कॉलम को भी हटा दिया गया है।
पता बदलने के लिए मान्य दस्तावेजों की सूची भी संशोधित की गई है। जनवरी 2025 से एड्रेस अपडेट के लिए सिर्फ बैंक स्टेटमेंट या बिजली, पानी और गैस का बिल मान्य होगा। नाम या जन्म वर्ष में बदलाव के लिए पैन कार्ड, वोटर आईडी या जन्म प्रमाणपत्र की जरूरत होगी।
पूरी प्रक्रिया अब डिजिटल होगी। आवेदन UIDAI की वेबसाइट या mAadhaar ऐप से किया जा सकेगा, जबकि जमा किए गए दस्तावेजों का सत्यापन नजदीकी केंद्र पर कराया जाएगा।

