
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के आकाशगंगा के पास सोमवार की शाम तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला के सिर पर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गई, जबकि दूसरी महिला को हल्की चोटें आईं। दोनों महिलाएं साकची से मानगो की ओर जा रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक काफी तेजी से वाहन चला रहा था और लापरवाही से स्कूटी को पीछे से ठोक दिया। टक्कर लगते ही स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई और सवार महिलाएं सड़क पर जा गिरीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया। कुछ देर बाद बेहोश महिला को होश आ गया।
सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों से पूछताछ की। पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि कार और उसके चालक की पहचान की जा सके। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आकाशगंगा के पास शाम के समय यातायात का दबाव अधिक रहता है। ऐसे में कई वाहन चालक जल्दबाजी में तेज रफ्तार से निकलने की कोशिश करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। लोगों ने प्रशासन से यहां ट्रैफिक नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।

