
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र की एक युवती से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है। युवती ने इस संबंध में कदमा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ बार-बार शारीरिक संबंध बनाए और अब विवाह से इंकार कर रहा है। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को आरोपी बनाया है। इनमें भाटिया बस्ती निवासी निशांत कुमार, उसकी मां रूपा देवी और पिता मनोज कुमार शामिल हैं।
पीड़िता ने बताया है कि निशांत से उसकी जान-पहचान के बाद वह करीब आई थी। इसके बाद निशांत ने उससे शादी का वादा किया और 7 मार्च 2024 को पहली बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। युवती का कहना है कि एक साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी निशांत ने शादी नहीं की। जब उसने विवाह का दबाव बनाया तो आरोपी और उसके परिजन उसे धमकाने और अपमानित करने लगे। निराश होकर उसने पुलिस की शरण ली और न्याय की मांग की।
कदमा थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा है कि पीड़िता का कोर्ट में बयान दर्ज कराने की तैयारी चल रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
