
उदित वाणी, रांची: राज्य सरकार के सबसे मुखर स्कूली शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो को किसी सिरफिरे ने जान से मारने की धमकी दी है. इसके बाद उनके आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है तथा बोकारो पुलिस सिरफिरे की तलाश में जुटी है.
पुलिस को प्रारम्भिक जांच से पता चला है कि चिटठी हजारीबाग से भेजी गई है. ज्ञात हो कि किसी ने बोकारो जिले मेें स्थित शिक्षामंत्री के आवास पर बुधवार को तीन पन्ने की चिटठी स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी है. पत्र भेजने वाले ने अजीब तरह की मांगें रखी है.
उसने इंटर व डिग्री कॉलेजों का अनुदान बढ़ाने व 1932 के खतियान संबंधी बातें नहीं करने की धमकी दी है. इसके साथ ही उसने लिखा है कि इंटर व डिग्री कॉलेजों में उत्तर प्रदेश, बिहार व मध्य प्रदेश के लोग काम करते है.
इसलिए कॉलेजों का अनुदान बढ़ाया जाना चाहिए. साथ ही चिट्ठी में डिग्री कॉलेजों के नाम का भी उल्लेख किया गया है. चिट्ठी में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के नाम का भी उल्लेख किया गया है और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए पत्र में मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री मुर्दाबाद लिखा गया है.
सिरफिरे ने कहा कि हमलोग ब्राह्मण, राजपूत व कायस्थ जैसी फारवर्ड जातियों से आते हैं और फारवर्ड का मानदेय बढ़ायें. 1932 के खतियान का विरोध करते हुए लिखा है कि आदिवासी व महतो को देखना नहीं चाहते हैं.
वहीं शिक्षामंत्री ने इसकी जानकारी बोकारो एसपी चंदन कुमार झा को दिया। इसके साथ ही शिक्षामंत्री ने कहा कि जगरनाथ महतो किसी सिरफिरे से डरनेवाला नहीं है.
हमेशा खबरों से अपडेट रहने के लिए फॉलो करे….

