
उदित वाणी, झारखंड: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के “संस्कार भोज” में शनिवार को नेमरा स्थित उनके पैतृक आवास पर राजनीतिक और सामाजिक जगत की कई प्रमुख हस्तियां जुटीं। इस अवसर पर नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित परिजनों से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, सांसद पप्पू यादव और पूर्व राज्यसभा सांसद आर.के. आनंद समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने शिबू सोरेन के संघर्षपूर्ण जीवन, झारखंड आंदोलन में उनकी भूमिका और राज्य के विकास के लिए उनके योगदान को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि शिबू सोरेन का राजनीतिक सफर और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। यह आयोजन न केवल उन्हें स्मरण करने का अवसर था, बल्कि उनके आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दिलाता है।

