
उदित वाणी, जमशेदपुर : सुंदरनगर थाना क्षेत्र के वाशिंग सेंटर के समीप शनिवार की सुबह लगभग 9 बजे दो बाइकों में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में सुंदरनगर चौक स्थित संत जूश स्कूल के वाहन चालक कृष्णा सरदार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका एक पैर पूरी तरह से टूट गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कृष्णा का पैर लटक गया था। उन्हें तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल, खासमहल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। वहीं, हादसे में शामिल दूसरा बाइक चालक मौके की नजाकत को देखते ही अपनी गाड़ी लेकर फरार होने में सफल हो गया। पुलिस फिलहाल उसकी तलाश में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कृष्णा सरदार शनिवार की सुबह बाइक से नीलडुंगरी की ओर गए थे। लौटने के क्रम में वाशिंग सेंटर के पास हादसा हुआ। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कृष्णा नशे की हालत में बाइक चला रहे थे, जिसके कारण दुर्घटना हुई। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में कुछ भी कहने से इंकार करते हुए जांच की बात कही है।
गंभीर रूप से घायल कृष्णा की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, स्थानीय लोगों ने दुर्घटनास्थल पर ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां अक्सर तेज गति से वाहन गुजरते हैं, जिस कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। पुलिस ने फरार बाइक चालक की पहचान कर उसे पकड़ने का आश्वासन दिया है।

