
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर के डिमना संकोसाई रोड नंबर 5 स्थित दुर्गा मंदिर के पास मंगलवार सुबह एक आवारा सांड के हमले में ठेला चालक घायल हो गया। घायल व्यक्ति की पहचान वोही के निवासी आजादी साहू (66) के रूप में हुई है, जो पेशे से ठेला चालक हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आजादी साहू रोज की तरह सुबह अपने घर से ठेला लेकर काम के लिए निकले थे। तभी पीछे से अचानक एक आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड ने अपने सींग से वार कर उन्हें नीचे गिरा दिया, जिससे उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और किसी तरह सांड को भगाया।
घटना की सूचना मिलते ही उनके बेटे शंकर साहू मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से अपने घायल पिता को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल आजादी साहू की हालत पहले से स्थिर है और उन्हें कुछ दिनों तक आराम की सलाह दी गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बीते कुछ दिनों से इस इलाके में कई आवारा सांड और मवेशी खुलेआम घूम रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस समस्या की सूचना कई बार नगर निगम को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
