
उदित वाणी, जमशेदपुर: लेट लतीफी के लिए बदनाम रहा टिमकेन प्रबंधन ने मंगलवार को समय पर ग्रेड समझौता कर सबको हैरान कर दिया. तीन साल (2023-26) के लिए हुआ ग्रेड समझौता एक मई से लंबित था.
इस तरह मई माह का वेतन अब बढ़े हुए वेतन के साथ मिलेगा. इस समझौते के बाद कर्मचारियों के वेतन में हर माह 9260 रूपए की बढ़ोतरी हो जाएगी. जबकि सालाना बेनेफिट 17800 रूपए का होगा. यूनियन महामंत्री विजय यादव ने बताया कि ग्रेड समझौता समय पर हुआ है और तीन साल के लिए हुआ है. मगर इसके बारे में पूरी जानकारी बुधवार को शेयर की जाएगी.
समझौते पर हस्ताक्षर महामंत्री विजय यादव के साथ सारे ऑफिस बेयरर्स और प्रबंधन की ओर प्लांट हेड राजीव सारस्वत और एचआर हेड दिनेश सिंह ने किया. किसी कार्यक्रम में व्यस्त होने के चलते अध्यक्ष आस्तिक महतो ने अभी तक ग्रेड समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किया है. इस ग्रेड का लाभ कंपनी के 211 कर्मियों को मिलेगा. बढ़ा हुआ वेतन 30 मई को कर्मचारियों के खाते में जाएगा.
कर्मचारियों के मासिक औसत वेतन में 9260 रूपए की बढ़ोतरी
कर्मचारियों के मासिक औसत वेतन में 9260 रूपए की बढ़ोतरी की गई है. ग्रेड के हिसाब से अधिकतम बढ़ोतरी 11344 रूपए तक होगी. इस बढ़ोतरी में बेसिक 1425 रूपए और दो इंक्रीमेंट्स मिलाकर 2982 रूपए शामिल है.
इसके अलावा पर्सनल मेन्टेनेंस एलाउंस में 3688 रूपए की बढ़ोतरी हुई है, जो अब 15764 रूपए हो जाएगा. एलटीए में मासिक बढ़ोतरी 4167 रूपए की गई है, जो पहले 2083 रूपए था. एलटीए को 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख कर दिया गया है. साथ ही पीएफ और ग्रेच्यूटी में 507 रूपए की बढ़ोतरी की गई है.
जानिए कहां हुई है बढ़ोतरी
मद कितन बढोतरी
1.बेसिक प्लस दो इंक्रीमेंट्स 2982 रूपए
2.पर्सनल मेन्टेनेंस एलाउंस 3688 रूपए
3.एलटीए में मासिक बढ़ोतरी 4167 रूपए
4.पीएफ एंड ग्रेच्यूटी 507 रूपए
अब 48 सिक लीव का इंकैशमेंट हो सकेगा
नये समझौते के तहत कर्मचारी अपने 48 सिक लीव का इंकैशमेंट कर सकेंगे. पहले सिक लीव लैप्स कर जाता था. यही नहीं 11 सीएल को भी दो भाग में बांट दिया गया है, जिसमें से 5 फर्लो लीव होगा, जो बाद में पीएल के रूप में कन्वर्ट हो जाएगा.
डीए प्वाइंट 2 रूपए से बढ़कर 2.25 रूपए हुआ
कर्मचारियों के डीए प्वाइंट में बढ़ोतरी की कई है. अब वह दो रूपए से बढ़कर 2.25 रूपए हो गया है.
कैंटीन में खाना महंगा हो जाएगा
अब कैंटीन में खाना पहले से महंगा हो जाएगा. पहले जो लंच और डिनर 4 रूपए में मिलता था, वह छह रूपए हो जाएगा. यही नहीं 50 पैसे की चाय भी एक रूपए कप कर दी गई है.
नाइट शिफ्ट के कर्मियों का फुड एलाउंस 40 रूपए से बढ़ाकर 50 रूपए कर दिया गया है. ए और बी शिफ्ट वालों के लिए लंच और डिनर के 125 रूपए मिलेंगे. टीए और डीए को 300 रूपए से बढ़ाकर 450 रूपए कर दिया गया है.
कर्मचारी पुत्रों को मिलेगी नौकरी
ग्रेड समझौते के अनुसार वैसे कर्मचारी पुत्रों को नौकरी मिलेगी, जो आईटीआई या डिप्लोमा पास है. 26 साल तक के वार्ड को नौकरी मिलेगी. यही नहीं इंजीनियरिंग किए कर्मचारी पुत्रों को भी नौकरी में प्राथमिकता मिलेगी. अब 18 की बजाय 20 कर्मचारी पुत्रों को स्कॉलरशिप मिलेगी.
ग्रेडवार कितनी होगी इंक्रीमेंट्स में बढ़ोतरी
# ग्रेड टू 380 रूपए
# टूए 430 रूपए
# टूबी 480 रूपए
# ऑपरेटिव 550 रूपए
# ऑपरेटिव ए 600 रूपए
# ऑपरेटिव बी 650 रूपए
# ऑपरेटिव टेक्निशियन 720 रूपए
# ऑपरेटिव टेक ए 780 रूपए
# ऑपरेटिव टेक बी 830 रूपए
# ऑपरेटिव टेक सी 880 रूपए
# ऑपरेटिव टेक डी 930 रूपए


