
उदित वाणी, रांची: नियोजन नीति को लेकर भाजपा विधायकों का विरोध प्रदर्शन बजट सत्र के आठवें दिन भी जारी रहा. मंगलवार को भाजपा विधायक 60/40 नाय चलतौ लिखा गेरूवा टी शर्ट पहनकर विधानसभा पहुंचे और सदन में हंगामा शुरू किया.
विधायकों ने वेल में जाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. भाजपा विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि राज्य में बेरोजगारी अहम मुद्दा है. उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह करते हुए कहा कि सरकार सिर्फ यह बताये कि 1932 खतियान का क्या हुआ. बर्ष 2016 से पहले की नियोजन नीति में क्या है और 60/40 की नीति क्या है.
इस बीच विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने बार-बार भाजपा विधायकों से प्रश्नकाल चलने देने की अपील की. उन्होंने यह भी कहा कि रोज-रोज आपका हंगामा नहीं चलेगा.
एकाध सवाल का बोहनी तो करने दीजिए. परन्तु भाजपा विधायक नहीं माने और वेल में नारेबाजी करते रहे. इधर भोजनावकाश के बाद कृषिए पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के अनुदान मांगों के कटौती प्रस्ताव पर चर्चा की गई तथा विपक्षी भाजपा विधायकों के सदन के बहिष्कार के बीच कृषि एवं संबध्द प्रक्षेत्र के लिए आवंटित 28 अरब 413 लाख रूपये से अधिक की राशि को ध्वनिमत से पारित कर दिया गया. इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही बुधवार पूर्वाहन 11 बजे तक के लिए कार्यवाही स्थगित कर दी.

