
उदित वाणी, कांड्रा: खरसावां के बुरुडीह स्थित अभिजीत स्टील कंपनी के बंद पड़े प्लांट में शुक्रवार की रात चोरी कर दो छोटा हाथी वाहन से केबल तार लेकर जा रहे 6 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर पांच चोर भागने में सफल रहे. थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि पकड़ाये सभी चोर जमशेदपुर जुगसलाई के रहने वाले हैं.
गिरफ्त में आए चोरों में मो जालान,मो राजू,मो अख्तर,मो एजाज है. उन्होंने बताया कि फरार चोरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिसिया पूछताछ में गिरफ्तार चोरों ने बताया कि वे लोग आदित्यपुर के अभिषेक के खटाल में माल ले जाकर बेचते हैं.
बताया गया शुक्रवार की देर रात बुरुडीह स्थित अभिजीत स्टील प्लाट में करीब दस लोग केबल तार काटकर दो छोटा हाथी वाहन में लेकर आदित्यपुर की ओर जा रहे थे. रात्रि गश्ती में तैनात पुलिस पदाधिकारी सुगालाल सिंह ने गुटूसाही गांव के पास दो गाड़ी छोटा हाथी को जाते देखा. उन्होंने गाड़ी रोकने का प्रयास किया तो गाड़ी चालक गाड़ी भगाने लगा.
जिसे गश्ती दल ने दौड़ाकर पकड़ लिया। जब गाड़ी में जांच की गई तो उसमें भारी मात्रा में केबल के तार रखे हुए थे. पुलिस ने चोरी में शामिल 6 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है. इसके अलावे 5 अज्ञात चोरों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है.

