
उदित वाणी, जमशेदपुर: आदित्यपुर पुलिस ने टोल ब्रिज पर गुंडई और सिक्यूरिटी गार्ड व सिक्यूरिटी इंचार्ज के साथ मारपीट करने के आरोप में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (जेएच05जेड/5828) भी बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में सत्यम कुमार (हरहरगुट्टू कृष्णापुरी निवासी), सुजल कुमार सिंह (हरहरगुट्टू बाजार रोड), साहिल यादव (हरहरगुट्टू कृष्णापुरी निवासी), सचिन प्रसाद (हरहरगुट्टू कृष्णापुरी निवासी), और साहिल यादव (हरहरगुट्टू कृष्णापुर निवासी) शामिल हैं।
यह घटना 25 जुलाई को अपराह्न 3.45 बजे की थी, जब आरोपियों ने टोल ब्रिज के वीआईपी लेन से जबरन गुजरने की कोशिश की। जब ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा प्रहरी ने वीआईपी लेन का पास मांगा, तो आरोपियों ने हॉकी स्टीक और ब्रॉस बैट से हमला कर दिया, जिससे सुरक्षा प्रहरी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस छापेमारी में पुलिस टीम में थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की, पुलिस अवर निरीक्षक रविकांत पराशर, सुषमा कुजूर, सुधांशु कुमार, आलमचंद्र महतो, विनोद टुडू, और विपुल ओझा शामिल थे।
आदित्यपुर पुलिस ने एक अन्य मामले में फरार आरोपी गोपाल सरकार को भी गिरफ्तार किया। वह जीआर केस और आदित्यपुर थाना कांड में आरोपित था। उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस गिरफ्तारी में पुलिस अवर निरीक्षक सुरेश राम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

