
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के सरकारी स्कूलों को 239 नव नियुक्त शिक्षक मिलने वाले हैं. इन 239 नवनियुक्त शिक्षकों के योगदान देने की प्रक्रिया सोमवार को शुरू कर दी गई.
पूर्वी सिंहभूम जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय में इसकी प्रक्रिया चल रही है. योगदान देने के पहले दिन 239 में से सिर्फ 180 शिक्षकों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में योगदान दिया. बाकी शिक्षक मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं बनवा पाने के कारण योगदान नहीं दे सके. अब मंगलवार से योगदान देने वाले शिक्षकों की ट्रेनिंग शुरू की जाएगी.
लोयोला स्कूल सभागार में नवनियुक्त शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा. इससे पहले सोमवार को योगदान देने की आपाधापी नवनियुक्त शिक्षकों में दिन भर दिखी.
एक तरफ जहां जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में शिक्षकों की भीड़ लगी रही तो वहीं मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने के लिए सिविल सर्जन में भी नवनियुक्त शिक्षक कतार में लगे रहे। इधर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में देर शाम तक शिक्षकों के योगदान देने का कार्य चलता रहा. इसे लेकर एक विभाग में अलग काउंटर बनाया गया है.
इस काउंटर मं सभी नवनियुक्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के सर्टिफिकेट व नियुक्ति पत्र दिखाने के बाद उनका सत्यापन कर योगदान देने का प्रमाणपत्र शिक्षकों पत्र जारी किया गया.
बचे हुए शिक्षक मंगलवार को सुबह योगदान देंगे. उन्होंने सुबह-सुबह रिपोर्टिंग करने के लिए कहा गया है. वहीं उधर मंगलवार से ही सभी शिक्षकों की ट्रेनिंग शुरू हो रही है. लोयोला स्कूल कैंपस में सभी नवनियुक्त शिक्षकों को ट्रेनिंग दी जाएगी. सुबह 9.45 से रजिस्ट्रेशन शुरू होगा. नवनियुक्त शिक्षकों की ट्रेनिंग 23 मई से शुरू होकर 31 मई तक दो पालियों में चलेगी.
पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी. ट्रेनिंग देने के लिए अलग-अलग रिसोर्स पर्सन तय किये गये हैं.
जैक का 10वीं-12वीं का परिणाम आज
झारखंड एकेडमिक काउंसिल यानी जैक बोर्ड के 10वीं व 12वीं साइंस का रिजल्ट मंगलवार को जारी किया जाएगा. जबकि कामर्स और आर्ट्स का अगले दिन जारी किया जाएगा. इसे लेकर तैयारियां पूरी की जा चुकी है.
जैक बोर्ड अध्यक्ष डा अनिल कुमार महतो ने बताया कि ससमय कापी मूल्यांकन का कार्य पूरा कर लिया गया. तैयारियों के अनुरुप समय पर मंगलवार को रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा. मुख्य अतिथि के रुप में शिक्षा विभाग के सचिव के रवि कुमार के शामिल होने की संभावना है. विभाग ने रिजल्ट जारी करने संबंधित निर्देश जैक करे दे दिया है.
इस बार मैट्रिक व इंटर में करीब आठ लाख परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी है. जिसमें टापर छात्र-छात्राओं को जैक के स्थापना दिवस पर सम्मानित भी किया जाएगा. पिछली बार रिजल्ट जून में प्रकाशित किया गया था. हम लगातार सेशन को अपडेट करने में लगे हैं.
गत वर्षों कोविड को लेकर परेशानी जरुर सामने आई थी लेकिन अब हम लगातार बेहतर कर रहे हैं और सेशन को पटरी पर ला चुके हैं. हमारे छात्रों को अन्य संस्थानों में नामांकन में भी कोई परेशानी नहीं आ रही है.

