
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र से 18 वर्षीय एक युवती के लापता होने का मामला सामने आया था। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी और युवती की तलाश जारी है। मिली जानकारी के अनुसार युवती को-ऑपरेटिव कॉलेज में 12वीं (साइंस) की छात्रा बताई जा रही है। परिवार का कहना है कि वह पढ़ाई के साथ-साथ वीडियो शूटिंग से जुड़े प्रोजेक्ट्स में भी काम करती थी।
परिजनों के मुताबिक 28 फरवरी की दोपहर करीब 2 बजे युवती घर से यह कहकर निकली थी कि वह शूटिंग के सिलसिले में जा रही है, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, पर कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।
परिवार के अनुसार युवती पहले भी सोनारी के कागलमगर टेम्पो स्टैंड क्षेत्र स्थित जमशेदपुर म्यूजिक फैक्ट्री (जेएमएफ) के माध्यम से शहर के विभिन्न स्थानों पर होने वाली शूटिंग में जाया करती थी। बताया गया कि 1 या 2 मार्च को उसकी अपनी मां से फोन पर संक्षिप्त बातचीत हुई थी, जिसमें उसने होली से पहले घर लौटने की बात कही थी। इसके बाद से उसका परिवार से संपर्क नहीं हो पाया है।
परिजनों ने बताया कि युवती के पास तीन मोबाइल नंबर हैं। इनमें से दो नंबर फिलहाल स्विच ऑफ हैं, जबकि एक नंबर पर कॉल लग रही है, लेकिन वह कॉल रिसीव नहीं कर रही है। मामले में सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन दे ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और युवती को जल्द सहकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।

