
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोमवार की रात मानगो आजादनगर थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-16 स्थित डीसी लाउंज में चोरी की एक वारदात की खबर सामने आई है। जवाहरनगर रोड नंबर-15 निवासी शादाब ने बताया कि वे अपने साले की शादी के मौके पर उनके साथ तैयार होने के लिए डीसी लाउंज गए थे। वहां उन्होंने ग्रूम मेकओवर के लिए सर्विस ली, लेकिन उसके बाद पाया कि उनकी 10 ग्राम वजन की सोने की अंगूठी गायब है।
शादाब ने तुरंत इसकी सूचना आजादनगर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डीसी लाउंज के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच शुरू की। हालांकि, खबर लिखे जाने तक अंगूठी बरामद नहीं हो पाई थी और चोरी की घटना की आधिकारिक पुष्टि भी नहीं हुई थी। पुलिस का कहना है कि फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
वहीं डीसी लाउंज के मालिक दिलीप ने बताया कि उन्हें घटना की विस्तृत जानकारी नहीं है, लेकिन वे अपने स्टाफ से पूछताछ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर जांच में स्टाफ की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

