
उदित वाणी, जमशेदपुरः राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जमशेदपुर अक्षेस की ओर से सैरात बाजार के अंतर्गत आने वाली दुकानों के किराये में भारी वृद्धि को अनुचित बताते हुए सरकार से तत्काल बढ़े हुए किराये पर रोक लगाकर इसका उचित समाधान निकालने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा है कि सभी संबंधित दुकानदार भारी क्रोध में हैं।
अक्षेस द्वारा दुकानदारों को लगभग सात सौ प्रतिशत किराया बढ़ाकर बिल भेजा जा रहा है। कल तक जिस दुकानदार से 24 रुपये किराया लिया जा रहा थे, उन्हें 16048 रुपये का किराया भुगतान करने का बिल दिया जा रहा है।
मतलब बीस वर्गफीट की जिस दुकान के लिए पहले 24 रुपये किराया लिए जाता था, अब उनसे 80 रुपये प्रति वर्गफीट की दर से नया किराया भुगतान के लिए कहा जा रहा है। जिन दुकानों का किराया पहले 250 रुपये था, उसे 50 हजार भुगतान के लिए कहा जा रहा है। पहली नजर में यह अनुचित लगता है।
श्री दास ने इस किराया वृद्धि को ‘अंधेर नगरी चौपट राजा की कहावत चरिचार्थ करने जैसा बताया है। श्री दास ने इस मुद्दे पर सभी जगह के दुकानदार संघों से एकजुट होकर इस मामले को उपायुक्त के समक्ष रखने की अपील की है।
मामले को सुलझाने के लिए उन्होंने एक त्रिपक्षीय समिति का गठन करने की जरूरत बताई है।
वाटर कनेक्शन शुल्क लेने का विरोध
इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री ने जमशेदपुर वासियों से न्यू वाटर कनेक्शन के लिए कनेक्शन शुल्क लिए जाने का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि झारखंड में जब वाटर कनेक्शन के लिए कोई शुल्क नहीं लेने का प्रावधान है तो जमशेदपुर में जिन लोगों ने अभी तक कनेक्शन नहीं लिया है उनसे कनेक्शन शुल्क क्यों लिया जा रहा है।
श्री दास ने सरकार से जमशेदपुर के लोगों से नया वाटर कनेक्शन लेने पर कोई कनेक्शन शुल्क न लेने का आग्रह किया है।

