
चक्रीय थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना बाजार बिरसा चौक के समीप गुरुवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 42 वर्षीय सालखान मुर्मू की मौके पर ही मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी. घायल अवस्था में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉ. नरेश बास्के ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृतक सालखान मुर्मू खजुरिया स्थित धोरासाई गांव निवासी थे. वह बडामारा पंचायत के मुखिया दशरथ मुर्मू के बड़े चाचा का पुत्र थे. हादसे के समय वह अपनी बेटी उपाल मुर्मू को एनडी रूंगटा उच्च विद्यालय के हॉस्टल से लेने आए थे. बेटी की तबीयत खराब होने पर वह उसे सुपर स्प्लेंडर बाइक (जेएच05एएस-1154) पर बैठाकर चिकित्सक के पास ले जा रहे थे.
जैसे ही वे बिरसा चौक पहुंचे, सामने से एक बारह चक्का खाली ट्रक (जेएच09एई-0027) टाटा की ओर आ रहा था. उसी समय सड़क पर अचानक एक साइकिल आकर रुक गई. बाइक रोकने के प्रयास में सालखान का संतुलन बिगड़ गया और वे गड्ढे में पैर फंसने से बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े. उनकी बेटी भी गिर गई, लेकिन बाल-बाल बच गई. इस दौरान ट्रक के स्टेपनी चक्का से सालखान का सिर टकरा गया और गंभीर चोट लगने से उनकी जान चली गई.
घटना के बाद मृतक का परिवार और समाज के लोग आक्रोशित हो उठे. उन्होंने बिरसा चौक को जाम कर मुआवजे की मांग की. आंदोलन की जानकारी मिलते ही प्रमुख धनंजय करूणामय, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष शिव चरण हांसदा और मुखिया राधानाथ मुर्मू सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और विरोध का समर्थन किया.
सूचना पाकर थाना प्रभारी संतोष कुमार भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाया. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रशासन की ओर से बताया गया है कि ट्रक मालिक को बुलाया गया है और उसके आने के बाद मुआवजे की बात होगी. चेतावनी दी गई कि अगर उचित मुआवजा नहीं दिया गया तो सड़क को पुनः जाम किया जाएगा.
इस दर्दनाक हादसे में मृतक की बेटी तो बच गई, लेकिन पिता को खोने का गम से वह बिलख-बिलख कर रो रही थी. फिलहाल पुलिस ने ट्रक को जप्त कर थाना ले गई है.

