
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका के नेतृत्व में चैम्बर का एक प्रतिनिधिमंडल विधायक सरयू राय से मिल सैरात बाजार की दुकानों में की गई वृद्धि पर उपायुक्त न्यायालय द्वारा स्टे लगाने को लेकर उनके प्रति आभार व्यक्त किया.
जेएनएसी द्वारा जमशेदपुर के विभिन्न सैरात बाजार की दुकानों का संचालन टाटा स्टील से अपने हाथों में लेकर जेएनएसी द्वारा उनका किराया बढ़ा दिए जाने के पश्चात दुकानदारों में निराशा थी.
विधायक सरयू राय ने झारखण्ड के नगर विकास सचिव एवं उपायुक्त से मिलकर इसका समाधान निकाला और दुकानदारों को उपायुक्त न्यायालय में अपील करने की सलाह दी थी.
तब सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के नेतृत्व में एवं अन्य दुकानदारों ने उपायुक्त न्यायालय में इसके विरोध में अपील दायर की. और दुकानों के बढ़े हुए किराये पर उपायुक्त न्यायालय ने स्टे लगाया और इसपर विचार-विमर्श एवं चर्चा हेतु एक कमेटी का गठन किया है.
इस कमेटी में व्यापारी प्रतिनिधि के रूप में कदमा एवं साकची बाजार के व्यापारी को रखा गया. प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, मानद महासचिव मानव केडिया, उपाध्यक्ष मुकेश मित्तल, सचिव भरत मकानी, चन्द्रकांत जटाकिया, अशोक गोयल, आकाश साह, मनोज गोयल, शंकर गुप्ता, उत्तम देबुका के अलावा विभिन्न बाजारों के दुकानदार व्यापारी उपस्थित थे.

