
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर केंद्रीय कृत कर्षण मरम्मत कारखाना में इस वर्ष विश्वकर्मा पूजा बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। तीन वर्षों के कोविड लॉकडाउन के बाद पुनः यह आयोजन एक आकर्षक समारोह में परिवर्तित होकर शहरवासियों व रेलकर्मियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना। इस अवसर पर कारखाना परिसर में आकर्षक पूजा पंडाल सजाया गया था, जिसमें विशेष विद्युत साज सज्जा का उपयोग किया गया। आयोजन को और भी प्रभावशाली बनाने के लिए विशेष रूप से पुलवामा हमले पर आधारित वृत्तचित्र व मिशन ऑपरेशन सिंदूर की झाकियां प्रदर्शित की गईं। इसके अतिरिक्त, भारत के ब्रह्मोस मिसाइल का मॉडल भी निर्माण कर प्रदर्शित किया गया, जो सभी के लिए आकर्षण का केंद्र बना।
इस विशेष आयोजन में व्हील शॉप के वरिष्ठ कुशल कारिगर रविन्द्र लाल और एस. सी. नायक ने मॉडल तैयार करने में अहम भूमिका निभाई। उनके तकनीकी कौशल व समर्पण से निर्मित मॉडल ने कार्यक्रम को भव्य रूप प्रदान किया। विश्वकर्मा पूजन के अवसर पर सहायक मंडल विद्युत अभियंता प्रेम चन्द्र शर्मा, रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता सामान्य एन. वी. सिंह, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता व्हील शॉप निलेश कुमार, जगजीत सिंह, इंदर कुमार, आर. डी. सिंह, शुशील कुमार, गौतम कुमार सहित सैकड़ों तकनीकी एवं गैर-तकनीकी स्टाफ ने भाग लिया।
पूजन कार्यक्रम में सभी कर्मचारियों ने हर्ष उल्लास के साथ अपने-अपने औजार व मशीनरी की पूजा की। उपस्थित जनों ने कहा कि विश्वकर्मा पूजन से न केवल आध्यात्मिक उर्जा मिलती है, बल्कि कार्यस्थल की सुरक्षा, मशीनों की दीर्घायु और समृद्धि की कामना भी होती है। कार्यक्रम के दौरान कारखाना परिसर में सामाजिक दूरी का विशेष ध्यान रखा गया और सभी स्वास्थ्य संबंधी निर्देशों का पालन किया गया।

