
उदित वाणी, जमशेदपुर: बहरागोड़ा में गुरुवार की सुबह करंट लगने से एक किराना दुकानदार की मौत हो गई। यह हादसा थाना क्षेत्र के नेताजी शिशु उद्यान के पास हुआ। मृतक की पहचान 42 वर्षीय जयंत दास के रूप में हुई है, जो जयंत स्टोर नामक किराना दुकान के मालिक थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जयंत दास सुबह अपनी दुकान में रखे फ्रिज में सामान रख रहे थे। इसी दौरान वे अचानक बिजली के तार की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने तुरंत उन्हें बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारीपदा रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जयंत दास अपने सरल और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवारजनों और आसपास के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक अपने पीछे पत्नी सागरिका दास और एक बेटा विश्वजीत दास को छोड़ गए हैं। उनका बेटा रामकृष्ण विवेकानंद इंटरनेशनल इंग्लिश स्कूल में पांचवीं कक्षा का छात्र है। परिवार मूल रूप से प्रखंड के मौदा गांव का निवासी है।बहरागोड़ा में किराए रहकर किराना दुकान चलाकर परिवार चलता था।

