
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के हरहरगुट्टू स्थित देवता भवन के पास एक मकान को लेकर दो पक्षों में जोरदार विवाद सामने आया है। एक पक्ष ने जहां रात के अंधेरे में बंद मकान का ताला तोड़कर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है, वहीं दूसरे पक्ष ने उसी मामले में घर में घुसकर मारपीट और छेड़खानी का आरोप लगाते हुए काउंटर केस दर्ज कराया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल आठ लोगों को आरोपी बनाया है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पहला मामला हरहरगुट्टू निवासी अंजू देवी की ओर से दर्ज कराया गया है। अंजू देवी ने अपनी शिकायत में बताया है कि 20 जुलाई की रात उनके मकान का ताला तोड़कर पड़ोस के कुछ लोगों ने जबरदस्ती घर में घुसकर कब्जा कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया है कि कन्हैया शर्मा, नीतु शर्मा, कमलकांत शर्मा उर्फ बबलू शर्मा, सोनी शर्मा और शिवानी शर्मा ने समूह बनाकर उनके घर पर धावा बोला और ताला तोड़कर मकान में जबरन घुस गए। अंजू देवी का कहना है कि यह सब पहले से साजिश के तहत किया गया।
इधर, उक्त मामले से जुड़े दूसरे पक्ष की ओर से भी एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस पक्ष की महिला ने मन्नु सिंह, अर्जुन सिंह और अंजू देवी पर आरोप लगाया है कि वे उनके घर में जबरन घुसे, मारपीट की और छेड़खानी की। महिला का दावा है कि उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया है।
पुलिस ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। बागबेड़ा थाना प्रभारी के अनुसार, घटनास्थल की स्थिति, गवाहों के बयान और दोनों पक्षों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच की जा रही है। जल्दी ही सच्चाई सामने लाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

