
उदित वाणी, रांची : राज्य सरकार का उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग दो और नये निजी विश्वविद्यालयों के गठन का मार्ग प्रशस्त करने में जुटा है. इसको लेकर विभाग द्वारा जैन विश्वविद्यालय गोला और सीवी रमण विश्वविद्यालय के गठन को लेकर फिर से लेटर ऑफ इंटेंट [एलओआई] तैयार किया जा रहा है. एलओआई पर कैबिनेट की स्वीकृति मिलने के बाद संबंधित संस्था के साथ एमओयू किया जायेगा. इसके बाद फिर से इन दोनों निजी विश्वविद्यालयों के गठन संबंधी विधेयक को विधानसभा में पेश किया जायेगा.
ज्ञात हो कि जैन विश्वविद्यालय गोला के गठन संबंधी विधेयक को विधानसभा से एक बार पारित किया गया था. लेकिन राज्यपाल ने इस विधेयक को सरकार को लौटा दिया था. वहीं सीवी रमण विश्वविद्यालय विधेयक को कैबिनेट द्वारा मंजूरी दे गई थी. लेकिन यह विधानसभा से पारित नहीं किया जा सका. गौरतलब है कि राज्य में पहले से 19 निजी विश्वविद्यालय संचालित किया जा रहा है. अब दो और नये निजी विश्वविद्यालयों के गठित करने की दिशा में राज्य सरकार आगे बढ़ रही है.
यद्यपि राज्य में लगातार खुल रहे निजी विश्वविद्यालयों की गुणवत्ता पर सभी दलों के विधायकों द्वारा विधानसभा में सवाल उठाया जाता रहा है और जब-जब निजी विश्वविद्यालयों से संबंधित विधेयक विधानसभा में पेश किया जाता है. निजी विश्वविद्यालयों में स्थानीय को नौकरी, आधारभूत संरचनाओं के अभाव, पढ़ाई और शिक्षा की गुणवत्ता, वेतन विसंगति से लेकर कई तरह की शिकायतें सदन में उठती रही है. इसको लेकर विधानसभा द्वारा वरिष्ठ विधायक स्टीफन मरांडी की अध्यक्षता में एक कमिटी भी गठित किया गया था. परंतु स्टीफन मरांडी की तबीयत खराब होने की वजह से कमिटी की ढंग से कभी बैठक भी नहीं हुई और कमिटी की रिपोर्ट आई ही नहीं.
