
उदित वाणी, रांची : इधर स्वास्थ्य मंत्री डा इरफान अंसारी ने रिम्स-2 परियोजना को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के आरोपों को सिरे से खारिज किया और कहा कि बाबूलाल मरांडी आदिवासी हितैषी बनने की नौटंकी कर रहे हैं. उन्होंने दो टूक कहा कि रिम्स-2 के लिए किसी भी आदिवासी या किसान की निजी खेती की जमीन नहीं ली जा रही है. बल्कि रिम्स-2 पूरी तरह से राज्य सरकार की स्वामित्व वाली जमीन पर प्रस्तावित है. उन्होंने कहा कि झूठ फैलाना और लोगों को गुमराह करना भाजपा का पुराना हथकंडा है. बाबूलाल मरांडी जानबूझकर आदिवासी समाज को भड़का कर सस्ती राजनीति करना चाहते हैं.
आज भाजपा में हैं तो मरांडी आदिवासी कार्ड खेलकर सिर्फ सियासी जमीन तलाश रहे हैं. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रिम्स-2 परियोजना झारखंड की जनता का सपना है. एक ऐसा सपना जो बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, अत्याधुनिक उपचार सुविधाओं और कमजोर वर्गों तक सुलभ इलाज की दिशा में ऐतिहासिक कदम है. उन्होंने बाबूलाल मरांडी को सलाह देते हुए कहा कि अगर वास्तव में राज्य के विकास में उनकी रुचि है तो रिम्स-2 जैसे जनकल्याणकारी परियोजनाओं का विरोध नहीं, समर्थन करें.
