
उदित वाणी, रांची : स्वास्थ्य मंत्री डा इरफान अंसारी ने दिल्ली स्थित निर्माण भवन में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की. इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्रालय के कई वरीय अधिकारी भी मौजूद थे. बैठक के दौरान इरफान अंसारी ने झारखंड में मेडिको सिटी बनाने और राजधानी रांची में भी एम्स की स्थापना करने की मांग की. उन्होंने कहा कि रांची राज्य की चिकित्सा गतिविधियों का केंद्र है और यहां एक एम्स की सख्त जरूरत है. साथ ही उन्होंने 100 बर्ष पूरे हो चुके रिनपास को अपग्रेड करने की भी मांग की तथा केंद्रीय मंत्री नड्डा को रिनपास के शताब्दी समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया. रांची से नडडा के व्यक्तिगत जुड़ाव की भी चर्चा की. डा अंसारी ने कहा कि झारखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं की भारी कमी है.
इसके साथ ही उन्होंने एनएमसी नॉर्म्स का हवाला देते हुए बताया कि झारखंड जैसे राज्य में जनसंख्या अनुपात के हिसाब से कम से कम 39 मेडिकल कॉलेज होने चाहिए. जबकि वर्तमान में केवल 9 ही मेडिकल कॉलेज हैं. उन्होंने 6 नए मेडिकल कॉलेजों की मंजूरी देने की मांग करते हुए कहा कि इसके लिए केंद्र सरकार की स्वीकृति अनिवार्य है. उन्होंने यह भी कहा कि रिम्स-2 जैसे प्रोजेक्ट का कुछ लोगों द्वारा विरोध किया जा रहा है. जो दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में राजनीति नहीं होनी चाहिए. डा अंसारी ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने उनकी सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए विभाग को निर्देशित किया कि झारखंड को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में पूरा सहयोग मिले. उन्होंने मेडिको सिटी के लिए आर्थिक सहयोग और रांची में एम्स की घोषणा करते हुए भरोसा दिया कि जल्द ही इस दिशा में कार्य किया जायेगा.
