
उदित वाणी, रांची : झारखंड सरकार के मंत्री एवं कांग्रेस नेता इरफान अंसारी द्वारा बीएलओ पर की गई विवादित टिप्पणी के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज है. सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता प्रतुल सहदेव ने झारखंड सरकार से अपील की है कि अंसारी को मंत्री पद से बर्खास्त किया जाए.
भाजपा प्रवक्ता प्रतुल सहदेव ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “ऐसा बयान सिर्फ झारखंड से ही आ सकता है, जब सरकार के एक मंत्री अपने जूनियर अधिकारियों को कह रहे हैं कि जब चुनाव आयोग के कर्मचारी अपने चुनाव के दायित्व को पूरा करने जाएं, तो उन्हें पकड़कर घर में बांध लीजिए. मंत्री ने देश के संविधान और कानून के प्रति शपथ ली है और जब वह ऐसी बातें करेंगे, तो ठीक नहीं है.”
उन्होंने कहा, “कुछ राजनीतिक पार्टियों को एसआईआर का डर आखिर क्यों सता रहा है? क्या यह पलायन किए लोगों के वोट से जीतते हैं? जो राग कांग्रेस के युवराज, राहुल गांधी, अपनाते हैं, वही राग उनके नीचे के नेता अलापने लगते हैं. लेकिन इस बार इन्होंने सारी हद पार कर दी. अपने ही कर्मचारियों को पीटवाने और बंधक बनाने की बात कर रहे हैं. वे एक तरह से सरकार के खिलाफ काम करने के लिए लोगों को आह्वान कर रहे हैं. मुझे लगता है कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को उन्हें तत्काल कैबिनेट से बर्खास्त करना चाहिए.”
शाहदेव ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के सिंध पर दिए बयान का समर्थन किया. उन्होंने कहा, “राजनाथ सिंह ने बहुत दूर की बात कही है. सिर्फ सिंध ही नहीं, कश्मीर का हिस्सा भी पाकिस्तान कब्जा करके बैठा है, और पंजाब का कई हिस्सा भी पाकिस्तान के कब्जे में है. सिंधु घाटी सभ्यता सबसे प्राचीन सभ्यता में से एक थी. यहां भारत के सनातन धर्म की नींव पड़ी. ऐसे में राजनाथ सिंह सही हैं कि भविष्य में सीमाएं बदल सकती हैं. जब दुनिया के कई हिस्सों में ऐसी चीजें हुई हैं तो यह दिन भी दूर नहीं. पाकिस्तान को भी अहसास होना चाहिए कि उसकी तरक्की, खासतौर पर सिंध जैसे प्रांतों की, भारत में ही सम्मिलित होकर है.”
(आईएएऩएस)

