
उदित वाणी, मुंबई: ईरान और इजरायल में संघर्ष के कारण मिडिल ईस्ट जाने वाली फ्लाइट कैंसिल होने से मुंबई में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
मुंबई एयरपोर्ट पर अबू धाबी जा रहे टूरिस्ट को इलाके में तनाव की वजह से फ्लाइट कैंसिल करनी पड़ी, जिससे वे रात भर फंसे रहे और एयरलाइंस से कोई अपडेट नहीं मिला. आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने कहा, “वे 25 फरवरी को झारखंड से मुंबई के लिए निकले थे. शनिवार को वे मुंबई पहुंचे और यहां से रात को करीब 12 बजे फ्लाइट थी, लेकिन वह कैंसिल हो गई. इस कारण एयरपोर्ट के पास ही रात गुजारनी पड़ी.”
फ्लाइट में देरी और कैंसलेशन पर कर्नाटक की रहने वाली एक महिला खिलाड़ी ने कहा, “हम एक हॉकी टीम से हैं, जो यूरोप आइस हॉकी चैंपियनशिप में हिस्सा लेने जा रही है. हम यूरोप चैंपियनशिप के लिए जा रहे थे, लेकिन अचानक युद्ध के कारण हमारी फ्लाइट कैंसल हो गई.”
एक आइस हॉकी खिलाड़ी ने मां ने कहा, “मेरा बेटा और उसके टीम के साथी आइस हॉकी स्पोर्ट के लिए भारतीय टीम को रिप्रेजेंट करने जर्मनी जा रहे हैं. बदकिस्मती से, युद्ध के हालात की वजह से फ्लाइट कैंसल कर दी गई हैं. बच्चे लगभग 2 साल से इस खेल की तैयारी कर रहे हैं. वे हर दिन रात 11 बजे तक प्रैक्टिस करते हैं.”
इससे पहले, महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की. सरकार ने नागरिकों से शांति और संयम बनाए रखने व आधिकारिक निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया.
एडवाइजरी के अनुसार, कतर (दोहा), सऊदी अरब (रियाद), इजरायल (तेल अवीव), ईरान (तेहरान), इराक (बगदाद), कुवैत, बहरीन, ओमान (मस्कट), जॉर्डन व संयुक्त अरब अमीरात (अबू धाबी) में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है.
1 मार्च को 444 उड़ानें रद्द होने की आशंका: DGCA
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के अनुसार ईरान और कई मध्य पूर्वी देशों में हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण बड़े पैमाने पर व्यवधान के बाद 1 मार्च को 444 उड़ानें रद्द होने की आशंका है.
ईरान और मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों पर हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण 28 फरवरी को घरेलू एयरलाइंस की 410 उड़ानें रद्द कर दी गईं थी.
इससे पहले, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने अंतर्राष्ट्रीय सेवाएं संचालित करने वाली सभी भारतीय एयरलाइनों को निर्देश दिया था कि वे शनिवार को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ शुरू किए गए बड़े सैन्य अभियान के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा जारी किए गए हवाई क्षेत्र संबंधी सलाह, नोटिस टू एयरमेन (नोटम) और मार्ग प्रतिबंधों की लगातार निगरानी करें.
भारतीय विमानन प्राधिकरण (AAI) और निजी हवाई अड्डा संचालकों को सलाह दी गई है कि वे ग्राउंड हैंडलिंग, पार्किंग स्थल, यात्री सुविधाओं, चालक दल की व्यवस्था और आव्रजन सहायता के लिए आवश्यकतानुसार एयरलाइंस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें.
INDIGO ने मिडिल ईस्ट एयरस्पेस का इस्तेमाल करने वाली फ्लाइट्स पर रोक बढ़ाई
इंडिगो एयरलाइंस ने रविवार को यात्रियों के लिए नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है. एयरलाइन ने कहा कि वह मिडिल ईस्ट और आसपास के क्षेत्रों में चल रही घटनाओं पर लगातार नजर बनाए हुए है.
मौजूदा स्थिति को देखते हुए इंडिगो ने मिडिल ईस्ट एयरस्पेस का इस्तेमाल करने वाली चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का अस्थायी निलंबन 2 मार्च 2026, रात 11:59 बजे तक बढ़ा दिया है.
इंडिगो ने कहा कि यात्रा योजनाओं में बदलाव से यात्रियों को असुविधा हो सकती है. जिन यात्रियों की बुकिंग प्रभावित हुई है, वे वैकल्पिक फ्लाइट चुन सकते हैं या पूरा रिफंड भी ले सकते हैं.
एयरलाइन ने यह भी बताया कि मिडिल ईस्ट और अन्य प्रभावित अंतरराष्ट्रीय क्षेत्रों के लिए बुकिंग करने वाले यात्रियों के लिए 7 मार्च 2026 तक पूरी फ्लेक्सिबिलिटी और शुल्क माफी लागू रहेगी. यह सुविधा उन बुकिंग्स पर लागू है जो 28 फरवरी 2026 या उससे पहले की गई हैं. इस दौरान यात्री बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी बुकिंग रद्द कर सकते हैं या नई तिथियों पर यात्रा को कर सकते हैं.
गौरतलब है कि एयर इंडिया ने भी ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है, जिसमें कैंसिल फ्लाइट्स और उससे संबंधित जानकारी शेयर की गई है.

