
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के टिल्लू भट्टा बस्ती में पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार, नशे और शराब के कारोबार का पर्दाफाश किया। इस ऑपरेशन में सरदार गैंग के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने गैंग के सरगना लखविंद्र सरदार को चाईबासा से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बस्ती में बने ठिकानों से भारी मात्रा में हथियार और नशे का सामान बरामद किया। इसमें 7.65 एमएम की 9 जिंदा गोलियां, एक देशी पिस्टल, तीन लेथ मशीनें, लोहे के औजार, एक भट्टी, 1400 ग्राम गांजा, 2,41,600 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन शामिल हैं। साथ ही बड़ी संख्या में शराब की बोतलें भी जब्त की गईं, जिससे साफ है कि गैंग हथियार और नशे के साथ-साथ अवैध शराब कारोबार में भी सक्रिय था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई पटना में दर्ज एक मामले की जांच से जुड़ी हुई थी। उसी क्रम में जमशेदपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली और एसएसपी पीयूष पांडे के निर्देश पर सीएसआर डीएसपी मनोज ठाकुर के नेतृत्व में टीम ने सोनारी बस्ती में छापेमारी की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब छह महीने पहले गैंग के सदस्यों ने बस्ती में लेथ मशीनें लगाई थीं और दावा किया था कि वे पास की कंपनी में नट-बोल्ट सप्लाई करेंगे। लोगों का विश्वास जीतने के लिए मिठाई भी बांटी गई थी। लेकिन अंदरखाने हथियार बनाने का काम शुरू कर दिया गया था।
छापेमारी में यह भी सामने आया कि गिरोह अपने ठिकाने तक पहुंचने के लिए पास की एक लॉजिस्टिक्स कंपनी के गोदाम का रास्ता इस्तेमाल करता था। पुलिस ने कंपनी का सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिया है। संभावना है कि फुटेज से कई और आरोपियों की पहचान होगी।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। लोग मानते हैं कि लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां देखी जा रही थीं, लेकिन यह अंदाजा किसी ने नहीं लगाया था कि यहां मिनी गन फैक्ट्री चल रही है। पुलिस अब सरदार गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश कर रही है और आने वाले दिनों में और भी चौंकाने वाले खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

